चेहल्लुम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आगामी 04 अगस्त को चेहल्लुम पर्व मनाए जाने की सूचना के मद्देनजर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में विधि-व्यवस्था की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने को लेकर व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि चेहल्लुम पर्व की तैयारी में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तैयारी जितनी बेहतर और सुदृढ़ होगी, पर्व उतनी ही शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न होगा। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी करने तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी तक शांति समिति की बैठक नहीं हुई है, वहां अविलंब बैठक आयोजित कराई जाए। शांति समिति के सदस्यों को सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर आपसी समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस नहीं निकाला जाएगा। डीजे एवं लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवश्यकता के अनुसार सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करने तथा बाउंड डाउन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सोशल मीडिया एवं साइबर गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि साइबर सेल पूरी तरह सक्रिय होकर कार्य करे और भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर तत्काल नजर रखी जाए। उन्होंने विगत स्टूडेंट प्रोटेस्ट एवं नेपाल में चल रहे प्रोटेस्ट के मद्देनजर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि अथवा अफवाह से विधि-व्यवस्था प्रभावित न हो।

उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर फ्लैग मार्च कराने तथा आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी, सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चेहल्लुम पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। साथ ही, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर वहां की गई सुरक्षा व्यवस्था से भी अवगत कराया गया।
जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन, अग्निशमन पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को भी अपने-अपने स्तर से आवश्यक तैयारियां पूरी करने एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, बगहा श्री राजेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर श्री विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा श्री सुजीत कुमार सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त अन्य अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी डीसीएलआर, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पुलिस अंचल निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।


















