बगहा (पश्चिम चंपारण): बगहा प्रखंड-1 अंतर्गत रायबरी महुआवा पंचायत के पूरब टोला में सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और जलजमाव होने से पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं मरीजों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन अक्सर फिसल जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत और पक्कीकरण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।



















