बेतिया पुलिस ने मनुआपुल थाना क्षेत्र में मिले युवक के शव की गुत्थी महज तीन घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण प्रेम विवाह को लेकर परिवार की नाराजगी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई की करीब 8:30 बजे शाम में मनुआपुल थाना क्षेत्र के श्रीनगर स्कूल के समीप एक अज्ञात युवक का धारदार हथियार से हत्या किया हुआ शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन घंटे के भीतर मृतक की पहचान शेख असलम (23 वर्ष), निवासी गौनाहा वार्ड संख्या-7, के रूप में की। वह मनुआपुल के मेंहदिया बाड़ी स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने शाहिद खान उर्फ शाहिद खां (21 वर्ष) तथा उसके पिता मैनुद्दीन खान उर्फ मैनुद्दीन खां, दोनों निवासी गौनाहा वार्ड संख्या-7, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शाहिद खान ने बताया कि उसकी बहन ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध शेख असलम से प्रेम विवाह किया था, जिससे परिवार नाराज था। इसी रंजिश में दोनों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डैगर चाकू, खून से सना जींस पैंट तथा काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (BR22BS4097) बरामद की है

मृतक के पिता जाकिर हुसैन के लिखित आवेदन पर मनुआपुल थाना कांड संख्या 126/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ सदर-1 अजीत कुमार, पर्यवेक्षी पदाधिकारी राजेश कुमार, गौनाहा थानाध्यक्ष शंभूशरण गुप्ता, मनुआपुल थानाध्यक्ष रवि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार, मधु कुमारी तथा मनुआपुल एवं गौनाहा थाना की सशस्त्र पुलिस बल शामिल रहे।












