बेतिया/लौरिया।
दो सूत्री मांगों के समर्थन में ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन के बैनर तले नगर निगम बेतिया तथा नगर पंचायत लौरिया के सफाई कर्मियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। हड़ताल के चलते दोनों नगर निकायों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का अंबार लगने लगा है, जबकि नालियों की सफाई ठप रहने से दुर्गंध और जलजमाव की समस्या

गहराने लगी है। इससे आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बेतिया में धरना को संबोधित करते हुए एसोसिएशन की राज्य समिति सदस्य एवं पूर्व पार्षद रीता रवि ने कहा कि सरकार एक ओर सफाई कर्मियों के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत मात्र 26 दिनों की मजदूरी और लगभग आठ हजार रुपये मासिक पारिश्रमिक पर कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक वार्ता कर मांगों का शीघ्र समाधान निकालने की अपील की।
इधर, नगर पंचायत लौरिया कार्यालय के समक्ष आयोजित धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता पिंकी देवी ने की। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में लगभग 75 सफाई कर्मी कार्यरत हैं और सभी अपनी जायज मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से कर्मी कम वेतन, असुरक्षित सेवा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था की विसंगतियों के बीच कार्य कर रहे हैं। यदि सरकार शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
धरना-प्रदर्शन में शम्भू राम, शांति देवी, विधाता देवी, आयशा खातून, उर्मिला देवी, नाथू राउत, रीना देवी, चंदन रावत, मिठाई रावत, सप्पू देवी, राजेश राउत, राजन कुमार, संगीता देवी, शोभा देवी, शिवानी देवी, रूमाली देवी, रेखा देवी, रानी देवी, छठु राम तथा परमा राउत सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे। जानकारी प्रमिला देवी ने दी।


















