पश्चिम चंपारण के मझौलिया प्रखंड में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब मंडप में बैठे दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सात फेरे शुरू होने से पहले ही दूल्हे की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सरिसवा पंचायत के भरवलिया वार्ड संख्या-6 निवासी स्वर्गीय जगदीश शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र शक्तिनाथ शर्मा की बारात पूर्वी चंपारण के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चिकनी गांव गई थी। वहां संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी के साथ जानकी मंदिर में विवाह की रस्में चल रही थीं। दूल्हा-दुल्हन मंडप में बैठ चुके थे और कुछ ही देर में सात फेरे होने वाले थे।

इसी दौरान शक्तिनाथ शर्मा के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए रक्सौल स्थित एसआरपीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शादी का माहौल मातम में बदल गया। जिस घर में दुल्हन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहां से दूल्हे का शव वापस लौटा। घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के बड़े भाई कर्मा शर्मा ने बताया कि शक्तिनाथ तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके माता-पिता का कुछ वर्ष पहले ही निधन हो चुका है। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब दो बजे बारात रामगढ़वा पहुंची थी और करीब तीन बजे विवाह की रस्म शुरू होने वाली थी, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं। परिवार के कुछ सदस्य आखिरी समय तक किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए रहे। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।














