चनपटिया। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आवागमन को सुगम करने की दिशा में गुरुवार को चनपटिया प्रखंड कार्यालय परिसर में पहल की गई। यहां 10 दिव्यांग लाभुकों के बीच बैटरी चालित ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने लाभुकों को ट्राइसाइकिल सौंपने के बाद हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। कार्यक्रम में बीडीओ प्रणव कुमार गिरी समेत प्रखंड के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
ट्राइसाइकिल मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लाभुकों ने बताया कि अब उन्हें आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बैटरी चालित ट्राइसाइकिल के माध्यम से वे बाजार, सरकारी कार्यालय, रोजगार स्थल समेत अन्य जरूरी स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में सहूलियत के साथ आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।

मौके पर सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बैटरी चालित ट्राइसाइकिल मिलने से लाभुकों को शिक्षा, रोजगार और दैनिक जरूरतों के लिए आवागमन में काफी सुविधा होगी।
ट्राइसाइकिल पाने वाले लाभुकों में विकेन्द्र शर्मा, बाबूलाल महतो, छबिया महतो, रुस्तम खातून, बिट्टू कुमार, सज्जाद अंसारी, रुकसाना खातून, मनोज कुमार, सोनम कुमारी और लक्ष्मण साह शामिल हैं। प्रखंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को योजना के तहत ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।


















