मझौलिया।कृषि विज्ञान केंद्र, माधोपुर परिसर में एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन विषय पर आए हुए प्रशिक्षुओं के बीच "पार्थेनियम जागरूकता सप्ताह" का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का आयोजन केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. हर्षा बी. आर. के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष के मार्गदर्शन में संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. चेलपुरी रामुलु, वैज्ञानिक (कृषि अभियांत्रिकी) उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. हर्षा ने बताया कि पार्थेनियम एक खतरनाक खरपतवार है। इसके परागकणों से दमा, एलर्जी और त्वचा रोग होते हैं। यह फसल की उपज को पचास प्रतिशत तक कम कर देता है। इसके नियंत्रण के लिए समय पर उखाड़ना, जलाना और जैविक नियंत्रण अपनाना आवश्यक है।
जागरूकता सत्र के बाद सभी प्रशिक्षुओं ने केंद्र परिसर में जाकर पार्थेनियम के पौधों को जड़ सहित उखाड़ा और एक स्थान पर एकत्र कर नष्ट किया। इस जागरूकता अभियान में कृषि विज्ञान केंद्र के समस्त कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और प्रशिक्षुओं के साथ मिलकर परिसर से पार्थेनियम उन्मूलन कार्य किया। प्रशिक्षुओं ने संकल्प लिया कि वे अपने खेतों से भी इस खरपतवार को समाप्त करेंगे।


















