....बेतिया डीएम तरनजोत सिंह ने किया निरीक्षण.
नरकटियागंज में प्रस्तावित उपकारा (जेल) निर्माण की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने केहुनिया रोआरी पंचायत के मौजा रोआरी में जेल निर्माण के लिए चिह्नित 12 एकड़ बेतिया राज की भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने भूमि की चौहद्दी, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात की सुलभता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अंचल अधिकारी को भूमि का जल्द सीमांकन कराने तथा बेतिया राज से संबंधित सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने का निर्देश दिया। एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने बताया कि नरकटियागंज-लौरिया मुख्य मार्ग पर स्थित खाता संख्या 124 एवं खेसरा संख्या 1933 के अंतर्गत कुल 12 एकड़ भूमि का चयन किया गया है। यह भूमि बेतिया राज की है। इसके अधिग्रहण का प्रस्ताव भेज दिया गया है और अंतिम स्वीकृति बोर्ड ऑफ रेवेन्यू से मिलने के बाद निर्माण कार्य का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। प्रशासन का मानना है कि उपकारा बनने से क्षेत्र के कैदियों को बेतिया या अन्य दूरस्थ जेलों में ले जाने की समस्या समाप्त होगी। इससे पुलिस बल का समय और संसाधन भी बचेंगे तथा कैदियों को स्थानीय स्तर पर ही रखा जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान एडीएम (राजस्व) राजीव कुमार सिन्हा, पीजीआरओ सह बेतिया राज के मैनेजर अनिल कुमार सिन्हा, एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह, डीसीएलआर चंद्रशेखर कुमारन, सीओ सुधांशु शेखर, थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचल अमीन राकेश कुमार, मुन्नी कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि प्रखंड परिसर के पूर्व स्थित चयनित तीन एकड़ भूमि पर कोर्ट भवन का निर्माण कार्य पहले से शुरू हो चुका है। वहीं, न्यायिक पदाधिकारियों के आवास के लिए शहर के आसपास तीन एकड़ अतिरिक्त भूमि की तलाश प्रशासन द्वारा की जा रही है।















