चनपटिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजा,नहर से जान बचाकर भागी पत्नी ने किया खुलासा

बेतिया। चनपटिया थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है।कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव निवासी पेशे से राजमिस्त्री रामबाबू यादव ने पारिवारिक कलह में अपनी पत्नी ललिता देवी (35) व तीन दुधमुंहे बच्चों (एक बेटा व दो बेटी) को चनपटिया के लोहियरिया चौक स्थित नहर के पानी में फेंक दिया। पत्नी ललिता देवी किसी तरह जान बचाकर नहर के पानी से बाहर निकल गई, वहीं तीनों बच्चे नहर में डूब गए। यह घटना मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे की है। ललिता देवी मौके से जान बचाकर अपने मायके मझौलिया थाना क्षेत्र के बारवा-बिरवा गांव में पहुंच अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों की सूचना पर ग्रामीण सुबह करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे और शाम 5 बजे तक तीनों बच्चों के शव को पानी से बाहर निकाल दिया। लोहियरिया नहर से रतनमाला रोड में छवरहिया गांव के समीप नहर में उपलाते तीनों बच्चों का शव पाया गया है। चनपटिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि तीनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया में भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा। घटना की सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। इधर, घटनास्थल पर पहुंचे ललिता देवी के भाई सुदामा यादव ने बताया कि उसकी बहन सुबह 11 बजे बिरवा गांव पहुंची और परिजनों को बताई कि उनके तीनों बच्चों को उसके पति रामबाबू यादव नहर में फेंक दिए हैं। इतना कहकर बहन घर के चौखट पर ही बेहोश हो गयी। घटनास्थल पर सुदामा यादव ने बताया कि उसके बहन की शादी कुमारबाग थाने के भंगहा गांव निवासी लोरिक यादव के पुत्र रामबाबू यादव से हुई थी। ईधर, पिछले दो-तीन दिनों से रामबाबू अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता रहता था। मंगलवार की अहले सुबह उसने अपनी पत्नी से कहा कि चलो तुम्हें मायके पहुंचा दूँ। सुबह करीब तीन बजे बाइक से अपनी पत्नी व तीनों दुधमुंहे बच्चों को लेकर मझौलिया थाने के बिरवा गांव के लिए निकला। इसी दौरान उसने लोहियरिया नहर में पहले बच्चों और बाद में तीनों बच्चों को फेंक दिया। सुबह 11 बजे छवरहिया गांव के ग्रामीणों ने नहर में उपलाते शव को देख बाहर निकाला और इसकी जानकारी चनपटिया पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। फिर शाम करीब चार बजे दो अन्य शवों को ग्रामीणों ने नहर में उपलाते देखा। नहर में शव होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और शव का पंचनामा तैयार किया। शव देखने के लिए नहर के समीप सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।शव के पास मृत बच्चों के मौसा राजदेव यादव और मौसी राजपति देवी भी पहुंची। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा है।














