बेतिया। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, कर्तव्यबोध तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से संत तेरेसा गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेतिया में 5 अगस्त से 12 अगस्त तक देशभक्ति सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।इस अवसर पर कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं द्वारा प्रतिदिन देशभक्ति विषय पर विशेष प्रार्थना सभा प्रस्तुत की जा रही है।
इसके साथ ही देशभक्ति गीत, समूहगान, नृत्य, नाटक, नुक्कड़ नाटक एवं माइम जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं में राष्ट्र के प्रति प्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व, सहयोग, नेतृत्व, आत्मविश्वास तथा "मेरा भारत केवल मेरा अधिकार नहीं, बल्कि मेरी जिम्मेदारी भी है" जैसी प्रेरणादायी भावना का विकास किया जा रहा है।

आज के कार्यक्रम का मुख्य विषय "संविधान के उद्देश्य" रहा। छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्यों तथा संविधान के उद्देश्यों को सरल और प्रेरक ढंग से प्रस्तुत किया।

साथ ही यह संदेश दिया कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए और समाज तक इसके मूल्यों को पहुंचाए, ताकि देश का हर नागरिक अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक बने।कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल ने विभिन्न प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए।
समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिस्टर रेखा टुडू ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं को राष्ट्रहित और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।इस अवसर पर उप-प्रधानाध्यापिका सिस्टर बर्ना तथा विद्यालय की सचिव सिस्टर एंसिल भी उपस्थित रहीं।


















