बेतिया। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत नगर क्षेत्र में आधारभूत संरचना विस्तार से संबंधित दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए निविदा जारी कर दी है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने जारी निविदा आमंत्रण विज्ञप्ति के हवाले से महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि दोनों योजनाओं पर लगभग 3.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बुडको प्रशासन द्वारा जारी निविदा के क्रम संख्या-2 पर अंकित संत जेवियर हॉयर सेकेंडरी स्कूल के दक्षिणी बाउंड्री से छोटी नहर तक आरसीसी नाला निर्माण कराया जाएगा। इस योजना की प्राक्कलित लागत 80.11 लाख रुपये निर्धारित की गई है तथा निर्माण कार्य को चार माह में पूरा करना होगा।वहीं क्रम संख्या-5 के तहत नगर निगम क्षेत्र में केआर स्कूल की पूर्वी बाउंड्री से अंबेडकर चौक एवं छोटी नहर तक पीसीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की प्राक्कलित लागत 2.25 करोड़ 87 हजार रुपये है।

इस कार्य की निर्धारित पूर्णता अवधि आठ माह निर्धारित की गई है। बुडको के परियोजना निदेशक द्वारा जारी संबंधित निविदा की निर्धारित शर्तों के अनुसार इच्छुक संवेदक 17 अगस्त से 25 अगस्त तक ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर निविदा दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे तथा 25 अगस्त 2026 को अपराह्न 3 बजे तक ऑनलाइन निविदा अपलोड की जा सकेगी।
तकनीकी निविदा 25 अगस्त को अपराह्न 3:30 बजे खोली जाएगी, जबकि वित्तीय निविदा तकनीकी मूल्यांकन के बाद खोली जाएगी।महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।


















