हरपुर गढ़वा में अपाची बाइक के लिये विवाहिता की हत्या
डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी शादी.
मामले में विवाहिता के पति और ससुर गिरफ्तार
बेतिया जिला के मझौलिया में बुधबार की देर रात दहेज लोभियों ने विवाहिता रेशमा खातुन( 20) की गला दबाकर हत्या कर दी।घटना हरपुर गढवा पंचायत के वार्ड 15 की है। विवाहिता के पिता धोकराहा पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी लालू देवान ने मझौलिया थाना में एफआईआर कर अपने दामाद,समधी समेत तीन अन्य को नामजद किया है।एफआईआर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में विवाहिता के पति अफरोज देवान और उसके पिता खेदू देवान को गुरुबार के दिन गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी एसएचओ अमर कुमार ने दी।प्राथमिकी में उल्लेखनीय है कि उन्होंने अपनी पुत्री रेशमा खातून की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज से गढ़वा बाजार निवासी खेदू देवान के पुत्र अफरोज आलम के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में अपाची बाइक की मांग को लेकर रेशमा पर दबाव बनाया जाने लगा। पीड़ित पिता के अनुसार, रेशमा ने फोन पर कई बार बताया था कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद अचानक सूचना मिली कि उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना मिलने पर 25 जून 2026 की रात करीब 3 बजे वह अपने सहयोगियों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने रेशमा का शव पड़ा देखा। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जब उन्होंने घटना के बारे में पूछताछ की तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उन्हें घर में बंद कर दिया। इतना ही नहीं, उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी की हत्या की गई और बाद में मामले को छिपाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बताते चले कि पंचायत स्तर पर मामले की समझौता का प्रयास किया गया।परन्तु विवाहिता की माता ने खुद थाना आकर एसएचओ से गुहार लगायी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजा।














