पश्चिमी चंपारण। बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यभर के 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों का एक साथ लोकार्पण किया। इसी क्रम में पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा विधानसभा क्षेत्र के सिरिसिया पंचायत स्थित सिकटा डिग्री कॉलेज का भी औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक समृद्ध वर्मा समेत जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सम्मृध वर्मा ने इसे सिकटा विधानसभा और पूरे पश्चिम चंपारण के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। कॉलेज के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक दोनों तरह की बचत होगी तथा उच्च शिक्षा को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

विधायक ने बताया कि सिकटा डिग्री कॉलेज में फिलहाल 240 सीटों पर नामांकन की व्यवस्था की गई है। कॉलेज में छह विषयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई होगी और प्रत्येक विषय में 40-40 सीटें निर्धारित की गई हैं। उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में नामांकन कराने की अपील करते हुए कहा कि राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र सहित अन्य विषयों में पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कॉलेज में जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू कराना, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करना और छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाकर कॉलेज को जल्द पूर्ण रूप से संचालित कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ अपने ही क्षेत्र में मिल सके।













