नरकटियागंज। प्रखंड सभागार में गुरुवार को बीडीओ सूरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में नेपाली मूल के निवासियों को भारतीय नागरिकता दिलाने की प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सचिवों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में रह रहे नेपाली मूल के लोगों का सर्वे कर उनकी विस्तृत जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि नागरिकता संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
बीडीओ ने बताया कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार भारत में लगातार सात वर्ष या उससे अधिक समय से रह रहे पात्र नेपाली मूल के लोग भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में विवाहित नेपाली महिलाओं के लिए विवाह पंजीकरण कराना अनिवार्य है। साथ ही आवेदन के साथ कार्यपालक दंडाधिकारी द्वारा प्रमाणित शपथ पत्र भी संलग्न करना होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि नरकटियागंज प्रखंड क्षेत्र से अब तक 55 लोगों ने भारतीय नागरिकता के लिए पंजीकरण कराया है, जबकि 5 लोगों ने विवाह पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की है।
बीडीओ ने बताया कि इच्छुक आवेदकों को गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर दस्तावेजों और निवास का सत्यापन किया जाएगा तथा रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी। अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद आवेदक को 500 रुपये का निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकता मिलने के बाद पात्र लोगों को मतदान का अधिकार प्राप्त होगा और वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से ले सकेंगे।
बैठक में बीपीआरओ विवेक आर्या, पंचायत सचिव संतोष कुमार, विक्रांत राज, मो. जलालुद्दीन, शंकर प्रसाद, अमरेश कुमार, राकेश कुमार सहित कार्यपालक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
















