पश्चिम चंपारण। जिले के मैनाटांड प्रखंड अंतर्गत इनरवा थाना क्षेत्र के शाहपुर परसौनी गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रांगी नदी में नहाने के दौरान 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह काफी खोजबीन के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

मृतक की पहचान शाहपुर परसौनी गांव निवासी मुन्ना अंसारी के 13 वर्षीय पुत्र अल्ताफ अंसारी उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार को अल्ताफ अपने दोस्तों के साथ रांगी नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में डूब गया। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उसकी तलाश शुरू की। देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक बार फिर नदी में तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया तथा हर किसी की आंखें नम हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही इनरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने लिखित आवेदन देकर पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की इच्छा और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। लोगों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को नदी, तालाब और अन्य गहरे जलाशयों में अकेले न जाने दें तथा नहाने के दौरान उन पर विशेष निगरानी रखें, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।













