अभाविप के 78 वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर लौरिया इकाई का आयोजन, विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व भावना पर दिया गया बल
लौरिया। संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में अभाविप की लौरिया इकाई द्वारा रानी लक्ष्मीबाई के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, इतिहास के प्रति जागरूकता तथा लेखन कौशल का विकास करना था।प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रानी लक्ष्मीबाई के साहस, त्याग, वीरता एवं देशभक्ति पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्व अधिकारी राहुल कुमार अग्रवाल तथा लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान उपस्थित रहे। इसके अलावा अभाविप के जिला सह संयोजक प्रियेश गौतम, विभाग संयोजक सुजीत मिश्र, सौरभ शुक्ला, मुकेश कुमार, पूटू सहित अनेक शिक्षाविद, विद्यार्थी एवं परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर अभाविप के जिला सह संयोजक प्रियेश गौतम ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित एक सशक्त विद्यार्थी आंदोलन है। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अध्ययन, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।













