बेतिया ।सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने अधिकारियों को छावनी आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों, नगर निकाय, अंचल प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छावनी आरओबी और एनएच पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोमचे, दुकानें एवं अन्य अतिक्रमण यातायात के लिए गंभीर समस्या बने हुए हैं। इन्हें चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया जाए, ताकि दोबारा सड़क किनारे अवैध कब्जा न हो। उन्होंने यातायात नियमों के पालन, सड़क संकेतकों की व्यवस्था तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया।
बैठक में यह भी कहा गया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ ओवरलोडिंग एवं तेज रफ्तार वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि सड़कें आम लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।













