गरीबों की मदद बना जीवन का संकल्प, समाजसेवी मनोज साह ने 100 से अधिक जरूरतमंदों में बांटे छाते
ठकराहा : ठकराहा प्रखंड के भतहवा निवासी समाजसेवी मनोज साह ने शनिवार को सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए 100 से अधिक गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच छातों का वितरण किया। बरसात के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्री 108 श्री बालक दास एवं राम-जानकी मंदिर के पुजारी बालेंद्र द्विवेदी ने किया। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। समाजसेवी मनोज साह ने स्वयं लाभुकों को छाते वितरित किए।
मनोज साह ने बताया कि वे अपनी आय का एक हिस्सा प्रत्येक वर्ष गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा में खर्च करते हैं। ठंड के मौसम में कंबल वितरण, छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं के बीच साड़ी एवं फल का वितरण तथा वर्षा ऋतु में छाते बांटना उनकी वर्षों पुरानी परंपरा है। उन्होंने कहा कि इस बार भी उन लोगों को प्राथमिकता दी गई है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और छाता खरीदने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयास भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी राहत बन सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाजसेवी मनोज साह के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। बालक दास जी महाराज व पुजारी बालेन्द्र द्विवेदी जी ने कहा कि समाजसेवी मनोज जी सामाजिक सरोकार के साथ धार्मिक गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहते है। धार्मिक अनुष्ठान की दूर दूर तक हो रहे धार्मिक अनुष्ठान की खबर सुनते ही समाजसेवी तन मन धन से वहाँ समर्पित हो जाते है। अन्य लोगो को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।















