बेतिया। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 स्थित जगजीवन नगर में सरकारी नाले पर अतिक्रमण कर सीढ़ी और स्लैब बना लेने से जल निकासी प्रभावित होने का मामला सामने आया। इसकी जानकारी मिलते ही महापौर गरिमा देवी सिकारिया स्वयं मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाले के ऊपर बनाए गए अवैध स्लैब और सीढ़ियों के कारण सफाई कार्य बाधित हो रहा था, जिससे पानी का बहाव रुक गया था और आसपास जलजमाव की स्थिति बन रही थी।
महापौर के निर्देश पर तत्काल अतिक्रमित स्लैब हटवाया गया और उनकी मौजूदगी में जाम नाले की सफाई कराई गई। सफाई के बाद जल प्रवाह सामान्य होने पर स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की।
इस अवसर पर जमा महिला पुरुषों से महापौर ने कहा कि नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था आम जनता की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी है। सरकारी नाला-नालियों पर निजी निर्माण कर लेना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि पूरे मोहल्ले के लिए परेशानी का कारण बनता है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि यही बरसात के मौसम में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े जलजमाव और बीमारियों का कारण बन सकती है।
महापौर ने नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से सरकारी नाला-नालियों को अतिक्रमण मुक्त रखने और स्वच्छ शहर बनाने में सहयोग देने की अपील की, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
















