बेतिया के लौरिया धोबनी पंचायत के व्यासपुर पकड़ीया टोला से व्यासपुर गांव को जोड़ने वाली सड़क धंस जाने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण चारपहिया वाहनों का परिचालन ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है। स्कूली बच्चों को लाने वाली बसें भी गांव के बाहर तक ही पहुंच पा रही हैं।
ग्रामीण रमेन्द्र कुमार, चांदलाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, सुरेश साह, बिंदा साह, सुधार यादव, राधेश्याम प्रसाद, नवर किशोर प्रसाद, अजय साह व चंदन कुमार ने बताया कि सड़क का निर्माण वर्ष 2019 में कराया गया था। निर्माण के बाद से अब तक समुचित अनुरक्षण नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण एजेंसी से संबंधित सूचना वाला बोर्ड भी लगाया गया था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की दुर्दशा से आवागमन के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।


















