बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के इनरवा थाना क्षेत्र के पिड़ारी गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। दोस्तों के साथ पोखरे में नहाने गया 15 वर्षीय छात्र गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम का माहौल है। मां की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मृतक की पहचान पिड़ारी गांव निवासी रामजी साह के 15 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। वह लक्ष्मी नारायण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिड़ारी में दसवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार छोटू पढ़ाई में रुचि रखने वाला और मिलनसार स्वभाव का था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे छोटू अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के दुर्गा मंदिर के समीप स्थित पोखरे में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे का शव देखते ही मां बबीता देवी बेसुध हो गईं। वह बार-बार अपने बेटे को पुकारते हुए विलाप करती रहीं। पिता रामजी साह, बड़ा भाई आकाश कुमार और अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। छोटू दो भाई और दो बहनों में तीसरे स्थान पर था। परिवार की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।

सूचना मिलने पर इनरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में गांव के पोखरों और जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों और किशोरों को बिना निगरानी के गहरे पानी में नहाने से बचाना जरूरी है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।













