बेतिया शहर में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला से सोने की चेन ठग ली और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पीड़िता वर्षा कुमारी, जो वार्ड संख्या-14 की निवासी हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह लाल बाजार से मीना बाजार होते हुए अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान सिविल ड्रेस में राज स्कूल के पूर्वी गेट के समीप बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि आगे चेकिंग चल रही है और सुरक्षा के लिहाज से आप अपनी सोने की चेन उतारकर पर्स में रख लें।
महिला ने पहले चेन उतारने से इनकार किया, लेकिन दोनों युवकों ने यह कहते हुए दबाव बनाया कि आगे बड़े अधिकारी खड़े हैं और चेकिंग के दौरान परेशानी हो सकती है। उनके झांसे में आकर महिला ने चेन उतार ली। इसके बाद ठगों ने कहा कि चेन दिखाइए ताकि यह जांच सकें कि वह सोने की है या नहीं।जैसे ही महिला ने चेन उनके हाथ में दी, दोनों बाइक सवार चेन लेकर अवंतिका चौक की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद महिला सीधे नगर थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।नगर थाना पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।














