Bagaha Live LogoBagaha LiveDownload
← Back to News

बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में गार्ड द्वारा घायलों को टांके लगाने का आरोप, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

पश्चिमी चंपारण21 April 2026
Reporter avatar

Reported by

Bagaha LiveREPORTER
10 reads
बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में गार्ड द्वारा घायलों को टांके लगाने का आरोप, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों के इलाज को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायल दो लोगों को अस्पताल लाया गया, जहां आरोप है कि गार्ड ने ही उन्हें टांका लगा दिया।

इधर बगहा-बेतिया मुख्य मार्ग पर एनएच 727 के शास्त्री नगर स्थित रूबी गैस एजेंसी के पास टेंपो और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. रामप्रवेश भारती की देखरेख में माइनर ओटी में प्राथमिक उपचार किया गया। इलाज के बाद एक घायल की स्थिति सामान्य बताई गई, जबकि दूसरे घायल सुरेंद्र पासी की हालत गंभीर बनी हुई है और जरूरत पड़ने पर रेफर किए जाने की बात कही जा रही है।

घटना के दौरान इलाज को लेकर एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। आरोप है कि अस्पताल में गार्ड द्वारा ही घायलों को स्टिच लगाया गया, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अक्सर गार्ड मरीजों को इंजेक्शन और टांका लगाते नजर आते हैं, जबकि डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं रहते और रोस्टर के अनुसार ड्यूटी का पालन नहीं होता।

घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के जटहां थाना क्षेत्र के जटहां भैरोगंज बाजार निवासी पिकअप चालक वसीम अख्तर और सुरेंद्र पासी के रूप में हुई है। वसीम अख्तर ने बताया कि वे बगहा में मिट्टी का सामान लेने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार टेंपो अचानक सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में यह हादसा हो गया।

अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किए जाने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और व्यवस्था में सुधार की मांग तेज हो गई है।

प्रभारी उपाध्यक्ष डॉक्टर एके. तिवारी ने बताया कि अचानक चार पांच मामले आ गए थे। गार्ड को जानकारी थी, इसलिए उसकी सहायता ली गई। उन्होंने कहा कि डॉ. रामप्रवेश भारती आयुष चिकित्सक हैं और आपातकालीन स्थिति में उनसे काम लिया जा रहा है।

डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।

Get Real-Time Alerts on the App

Stay ahead with instant breaking news notifications.

Download the App
End of article