पश्चिम चंपारण के बलथर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम सैनिक रोड पर सोनराटोला के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से गेहूं व्यवसायी नौसाद अली उर्फ महतो उम्र करीब (52)वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई
जबकि कार में सवार दो व्यक्ति घायल हो गए है।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल पर लदा गेहूं सड़क पर बिखर गया और कार अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट नीचे पलट गई।
मृतक की पहचान सिकटा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव वार्ड संख्या तीन निवासी शेख नसीर के पुत्र नौसाद अली उर्फ महतो के रूप में हुई। बताया जा रहा है मृतक साइकिल पर गेहूं लेकर पुरुषोत्तमपुर से सिकटा की ओर जा रहा था। इसी बीच रक्सौल से मैनाटांड़ जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में घायल कार सवारों की पहचान रामनगर निवासी विक्की कुमार उम्र लगभग (24) वर्ष तथा इनरवा निवासी विशेष्वर कुमार उर्म करीब (25) वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच कर पुलिस को सूचना दी। बलथर थाना पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। बलथर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।













