जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 98 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल संकट, सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जन सुनवाई के दौरान राजकुमार राम, नितेश कुमार, रामचंद्र सहनी, मृत्युंजय केशरी, मुनीलाल साह, सत्यम कुमार राव, अमन मंसूरी, प्रेमनारायण यादव, अक्षय उरांव, विशाल कुमार पटेल, रीमा देवी, बली मुखिया, विकास मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई कार्यक्रम राज्य सरकार के ’’सात निश्चय-3’’ के तहत संचालित सबका सम्मान-जीवन आसान अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान कर पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, श्री अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, श्रीमती रोचना माद्री, पीजीआरओ श्री मासूम अंसारी समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।













