चनपटिय/मंगलवार को विधान सभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से विधायक ने बिहार के 391 बुनियादी विद्यालयों, जिनमें सर्वाधिक 43 विद्यालय पश्चिम चंपारण जिले में स्थित हैं, की स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की स्वावलंबन एवं रोजगारपरक शिक्षा की परिकल्पना पर आधारित इन ऐतिहासिक विद्यालयों में भवन, शिक्षकों, चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों एवं कौशल विकास उपकरणों की गंभीर कमी है। कई विद्यालयों की भूमि अतिक्रमण की समस्या से भी जूझ रही है। विधायक ने सरकार से इन विद्यालयों के संरक्षण, विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना की मांग की।
पूरक प्रश्न के दौरान विधायक ने विशेष रूप से पश्चिम चंपारण के 43 बुनियादी विद्यालयों की समस्याओं को उठाते हुए शिक्षकों एवं कर्मियों की कमी, जर्जर भवनों तथा कौशल विकास उपकरणों के अभाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने विषयवार शिक्षकों की कमी की समस्या को भी सदन के समक्ष रखा। हालांकि जबाब में शिक्षा मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं, शून्यकाल के माध्यम से विधायक अभिषेक रंजन ने चनपटिया विधानसभा क्षेत्र के चनपटिया, मझौलिया, गोपालपुर, सिरिसिया, कुमारबाग एवं मनुआपुल थाना क्षेत्रों में बढ़ती चोरी की घटनाओं का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन अब तक एक भी मामले का उद्भेदन नहीं हुआ है। विधायक ने सरकार से सभी मामलों का शीघ्र उद्भेदन कर दोषियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।













