मझौलिया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650 वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार, सीओ डॉली कुमारी, थानाध्यक्ष अमर कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष रामेश्वर राम, उपाध्यक्ष अशोक पटेल, भाजपा नेता कमल मुखिया एवं शंभु भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं राष्ट्रगान के साथ किया।कलश यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, जीविका दीदियों तथा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
यात्रा प्रखंड कार्यालय परिसर से निकलकर मझौलिया बाजार होते हुए थाना परिसर पहुंची। यहां पुनः राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद अधिकारियों, कर्मियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों को त्यागकर संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने की शपथ ली।बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं सामाजिक समरसता, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। उनका संदेश है कि सभी लोग मिल-जुलकर इंसान और इंसानियत को आगे बढ़ाएं।
समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और सद्भाव कायम रखते हुए मानवता की सेवा करना ही सच्ची मानव सेवा है। इसी भावना के साथ राष्ट्र की सेवा करना भी हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देना आवश्यक है।सीओ डॉली कुमारी ने कहा कि संत रविदास के बताए रास्ते पर चलकर समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना चाहिए।


















