वाल्मीकि नगर गंडक बराज के फाटक नंबर चार से एक और त्रिवेणी क्षेत्र से दो शव बरामद
नेपाल में पिछले महीने आए विनाशकारी जल प्रलय के बाद गंडक नदी अब भी तबाही की भयावह की कहानी सामने ला रही है। बाढ़ के तेज बहाव में लापता हुए लोगों के शव लगातार गंडक नदी के रास्ते बरामद हो रहे हैं। सोमवार की सुबह गंडक बराज के फाटक नंबर चार से नेपाल पुलिस और एपीएफ की टीम ने एक शव बरामद किया। इसके अलावा त्रिवेणी क्षेत्र में गंडक नदी के तट से दो अन्य शवों को भी रेस्क्यू किया गया है।
नेपाल पुलिस ने बरामद शवों की पहचान से फिलहाल इनकार किया है। त्रिवेणी चौकी इंचार्ज एस. के. पाल ने बताया कि तिब्बत-चीन सीमा क्षेत्र में बांध टूटने के बाद आई जल प्रलय में बड़ी संख्या में लोग लापता हुए थे। बरामद शव उन्हीं लापता लोगों में से किसी का होने की आशंका है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। पहचान के लिए विभिन्न जिलों के अस्पतालों में लापता लोगों के परिजन भी पहुंच रहे हैं। पहचान होने के बाद नेपाल पुलिस शव परिजनों को सौंपेगी।
गत माह 26 तारीख को चीन-तिब्बत सीमा क्षेत्र में बांध टूटने के बाद गंडक नदी में अचानक भारी जलप्रवाह की आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बराज के सभी फाटक खोल दिए थे। तेज बहाव के कारण नेपाल में तबाही के दौरान बहकर आए घरों के सामान के साथ शव भी आगे निकल जा रहे थे। बराज के फाटक बंद किए जाने के बाद नदी का बहाव नियंत्रित हुआ तो शवों की बरामदगी का सिलसिला तेज हुआ।
नदी किनारे बढ़ाई गई चौकसी
लापता लोगों की तलाश और शवों की बरामदगी के लिए नेपाल सरकार ने गंडक नदी के किनारे चौकसी बढ़ा दी है। नेपाल पुलिस और एपीएफ के जवान लगातार नदी किनारे पेट्रोलिंग कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को भी विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।



















