बगहा पुलिस जिला अंतर्गत धनहा थाना क्षेत्र के दौनाहा गांव में मंगलवार की दोपहर भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष के हीरा निषाद और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को धनहा–बांसी मुख्य मार्ग पर लिटाकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही धनहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोप में दूसरे पक्ष के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं घायल हीरा निषाद और उनकी पत्नी को उपचार के लिए मधुबनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दौनाहा गांव निवासी स्वर्गीय अक्षयलाल निषाद के पुत्र शिवचरण निषाद एवं रामचरण निषाद और हीरा निषाद के बीच काफी दिनों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मारपीट करने वाले पक्ष के चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया। वही सड़क जाम को हटवाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए मधुबनी पीएचसी भेज दिया गया।














