वाहन जांच अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता, टेम्पू जब्त कर प्राथमिकी दर्ज
बगहा।बगहा पुलिस ने शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन की दिशा में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार को धनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनहा पुल के समीप चलाए गए सघन वाहन जांच एवं गश्ती अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक टेम्पू से 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि शराब तस्करी में प्रयुक्त टेम्पू को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को धनहा पुल के पास नियमित वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध टेम्पू को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई कुल 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
धनहा थाना पुलिस ने बताया कि बरामद शराब एवं जब्त टेम्पू को थाना लाया गया है। आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
बगहा पुलिस ने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित वाहन जांच के कारण तस्करों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।धनहा पुल के पास वाहन जांच के दौरान बरामद 180 लीटर अंग्रेजी शराब एवं गिरफ्तार आरोपी।













