नगर पंचायत के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सोमवार को नगर पंचायत की विशेष बैठक सभापति श्रीमती सीता देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-2027 का बजट पास किया गया। कुल बजट 97 करोड़ 13 लाख 82 हजार 63 रुपये का रखा गया है।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी दिनेशपुरी ने विस्तार से बजट प्रस्ताव पेश करते हुए विभिन्न मदों पर होने वाले खर्च की जानकारी दी। बजट में कर्मचारियों के वेतन, मजदूरी और बोनस मद में 4 करोड़ 16 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया है। वहीं प्रशासनिक खर्च, जिसमें कार्यालय संचालन, वार्ड पार्षद कार्यालय, रख-रखाव और सीसीटीवी कैमरों पर 4 करोड़ 72 लाख रुपये खर्च किए जाने की बात कही गई है।
नगरवासियों के स्वास्थ्य से संबंधित संक्रमण रोगों की रोकथाम के लिए 1 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र सरकार से 4 करोड़ 18 लाख और राज्य सरकार से 73 करोड़ रुपये का अनुदान मांगने की बात कही गई है। नगर पंचायत को नया रूप देने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने का भी प्रावधान रखा गया है।
बैठक में उपाध्यक्ष श्रीमती किशोरी देवी, सिटी मैनेजर सपना सिंह, प्रधान लिपिक अजय कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित थे।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।




