बगहा, पश्चिम चंपारण। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को बगहा पुलिस एवं 65वीं सशस्त्र सीमा बल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य झंडा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक, बगहा ने किया।
झंडा यात्रा का शुभारंभ 65वीं सशस्त्र सीमा बल कार्यालय से हुआ। इसके बाद यात्रा बगहा-01 के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने अनुशासन और समन्वय के साथ मार्च करते हुए लोगों में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने का संदेश दिया।

यात्रा का उद्देश्य आमजनों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना तथा नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक करना रहा। जवानों ने लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। झंडा यात्रा के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं एसएसबी जवानों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। साथ ही आम नागरिकों को भरोसा दिलाया गया कि बगहा पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा 65वीं सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।


















