बगहा। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 26 स्थित दूबे टोला में जल निकासी व्यवस्था की बदहाली अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। नाले का गंदा पानी सड़क पर फैलने से जहां पूरे इलाके में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, वहीं कई स्थानों पर नाले के ऊपर लगी स्लैब टूट जाने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और नाले की बदहाल स्थिति के कारण रोजाना पैदल राहगीरों, बाइक चालकों और स्कूली बच्चों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, नाले की नियमित सफाई नहीं होने और पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं रहने से सड़क पर लगातार पानी जमा रहता है। कई घरों से नल-जल योजना का अतिरिक्त पानी सीधे नाले में छोड़ा जा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर निकासी मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। इससे नाले का पानी सड़क पर फैलकर पूरे मोहल्ले को प्रभावित कर रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नाले का निर्माण बिना उचित लेवलिंग के किया गया, जिसके कारण पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। वहीं नाले के कई हिस्सों में रिसाव होने से सड़क पर गंदा पानी फैल रहा है। सबसे गंभीर स्थिति उन जगहों पर है, जहां नाले के ऊपर लगी स्लैब टूट चुकी है। टूटी स्लैब के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि रात के समय यह समस्या और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि पानी के बीच टूटी स्लैब दिखाई नहीं देती।

संजय राउत, अब्दुल ग़फ़्फ़ार, सुजीत कुमार वर्मा, विकास कुमार, सर्वेन्दर कुमार सोनी, सुभाष साह और सैलेश दूबे सहित कई स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से नाले की मरम्मत, टूटी स्लैब बदलने, नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं।

वार्ड 26 के पार्षद प्रतिनिधि डॉ. राजू सिंह ने बताया कि कुछ स्थानों पर अतिक्रमण और सफाई में सहयोग नहीं मिलने से समस्या बढ़ रही है। उन्होंने नगर परिषद से अतिक्रमण हटाने, नाले की मरम्मत, टूटी स्लैब बदलने और नियमित सफाई अभियान चलाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर जलजमाव और दुर्घटना के खतरे से राहत दिलाने की अपील की है।













