जून में अपराध पर पुलिस का शिकंजा कसा, 243 अपराधी गिरफ्ता
बगहा।पुलिस जिला बगहा में जून माह के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक बगहा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, बगहा के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक तथा अन्य शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जून-2026 के दौरान जिले में दर्ज अपराधों, अनुसंधान की प्रगति, गिरफ्तारी, वाहन जांच, वारंट निष्पादन, शराबबंदी अभियान, साइबर अपराध नियंत्रण तथा डायल-112 की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, गंभीर मामलों में वैज्ञानिक अनुसंधान अपनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एसपी ने कहा कि अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी, लूट, साइबर ठगी तथा संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इसके साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को वाहन जांच अभियान लगातार चलाने तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, अभिलेखों का समय पर संधारण करने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी जारी किया गया।जून माह की प्रमुख उपलब्धियां
कुल 243 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई, जिनमें 136 कांडों एवं 107 वारंटियों की गिरफ्तारी शामिल है।
वाहन जांच अभियान के दौरान 7 लाख 84 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई में 1,486.65 लीटर देसी एवं विदेशी शराब जब्त की गई।329 वारंट तथा 411 गैर-जमानती वारंट का निष्पादन किया गया, जबकि 66 कुर्की की कार्रवाई भी संपन्न हुई।पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के प्रति पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून का प्रभावी क्रियान्वयन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।














