बगहा। नाग पंचमी और महावीर झंडा पर्व को लेकर शुक्रवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान शहर में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए। अधिकारियों ने लोगों से परंपरा और उत्साह के साथ पर्व मनाने तथा सामाजिक सौहार्द की मिसाल कायम रखने की अपील की। बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।
बिना अनुमति जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही रात में जुलूस निकालने और जुलूस के दौरान हथियारों का प्रदर्शन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने आयोजन समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ निहार भूषण ने कहा कि बगहा अपनी गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। यहां विभिन्न समुदायों के लोग मिल-जुलकर पर्व और त्योहार मनाते हैं।

उन्होंने कहा कि इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दोनों समुदायों के लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ नाग पंचमी और महावीर झंडा पर्व मनाएं। एसडीपीओ ने कहा कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर लोग तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।

नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, पूर्व एमएलसी भीष्म साहनी, ईओ सरोज कुमार बैठा, बीडीओ प्रदीप कुमार, पूर्व सभापति प्रतिनिधि फिरोज आलम और पूर्व उपसभापति जितेंद्र राव ने भी लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि पर्व-त्योहार समाज को जोड़ने का अवसर होते हैं और बगहा की सामाजिक एकता इसकी सबसे बड़ी पहचान है। बैठक में उपसभापति प्रतिनिधि रवि गुप्ता, मो.


निजामुद्दीन अंसारी, मनोज सिंह, संजय यादव, परवेज आलम, आलमगीर रब्बानी, विनोद कुशवाहा, परवेज अख्तर, दयाशंकर सिंह, मोबीन अंसारी, अनिल सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से प्रशासन ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए लोगों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई।



















