बगहा। राष्ट्रीय भावना और देशभक्ति के संदेश के साथ आगामी 14 अगस्त को बगहा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें यात्रा की तैयारियों, रूट व्यवस्था और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा को यादगार और व्यापक जनभागीदारी वाला आयोजन बनाने का संकल्प लिया। तिरंगा यात्रा भाजपा जिला कार्यालय, बगहा से शुरू होकर मलकौली चौक तक जाएगी।
बैठक में बगहा अनुमंडल क्षेत्र के आम नागरिकों, महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में इस यात्रा में हर वर्ग की भागीदारी राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करेगी।
आयोजकों के अनुसार तिरंगा यात्रा निर्धारित समय पर शुरू होगी। इसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री सतीशचंद्र दुबे मौजूद रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा निरंजन पैंजियार शामिल होंगे। नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में यात्रा को व्यापक रूप देने की तैयारी की जा रही है। यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा के जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता और समर्थक लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। लोगों को यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूती मिलेगी।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन्त्य कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आन, बान और शान तिरंगे के सम्मान में सभी लोगों को उत्साह के साथ आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकजुटता का संदेश देने का माध्यम है।
बैठक में रितु जायसवाल, विमला देवी, सतीश वर्मा, नागेंद्र साहनी, प्रमोद साह, विजय साहू, उमेश राम, सुबोध चौहान, रामचंद्र सिंह, राजन गुप्ता, सुष्मा सिंह, शशि तिवारी, सुनील सिंह, दीपु जायसवाल, महेंद्र गुप्ता, ममता मिश्रा, कामेश्वर तिवारी, रजत जायसवाल, आयुष पांडेय, मनोज साहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















