वाल्मीकिनगर के विधायक ने बगहा-2 प्रखंड कार्यालय परिसर की बदहाल व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय में प्रतिदिन आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चियां और आम नागरिक पहुंचते हैं, लेकिन उनकी मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है।
विधायक ने कहा कि प्रखंड परिसर में महिलाओं के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण विभाग द्वारा पहले से ही लगभग 8.23 लाख रुपये की लागत से शौचालय का निर्माण कराया गया है, लेकिन वह लंबे समय से बंद पड़ा है और उसमें ताला लगा हुआ है।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा लगाए गए पेयजल केंद्र के आसपास हमेशा जलजमाव रहता है। ऐसे में लोगों को पीने का पानी लेने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।
विधायक ने प्रशासन से प्रखंड परिसर में शौचालय को तत्काल चालू कराने, पेयजल स्थल पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





















