जय सिंह के नेतृत्व में नौरंगिया दौन से खेरेहनी तक ग्रामीणों ने निकाला मार्च, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य सुविधाओं की मांग उठाई
रामनगर।संवाददाता। गोबरहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरहिया दौन में शुक्रवार की शाम मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने समाजसेवी जय सिंह के नेतृत्व में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला। नौरंगिया दौन से खेरेहनी तक निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया।कैंडल मार्च के मद्देनजर गोबरहिया थाना पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान पूरे समय मुस्तैद रहे। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रशासन की सतर्कता एवं एसएसबी के समन्वित सहयोग से मार्च शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।मार्च के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, संचार एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दौन क्षेत्र आज भी कई आवश्यक सुविधाओं से वंचित है, जिससे आम लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से शीघ्र प्रभावी पहल करने की मांग की।समाजसेवी जय सिंह ने कहा कि यह कैंडल मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य किसी प्रकार का विरोध या अशांति फैलाना नहीं, बल्कि दौन क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं को प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से रखना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के लिए आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कैंडल मार्च में शामिल सभी लोगों ने अनुशासन का परिचय दिया तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनी रही।
















