बगहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को बगहा में एसएसबी 21वीं वाहिनी की ओर से भव्य साइकिल तिरंगा रैली निकाली गई। ‘संडे ऑन साइकिलिंग’ के तहत आयोजित इस रैली में एसएसबी जवानों के साथ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले जवानों ने लोगों को देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। रैली का शुभारंभ नगर थाना परिसर से हुआ।
इसके बाद साइकिल सवार जवान और अधिकारी एनएच-727 के रास्ते एसएसबी 21वीं वाहिनी कैंप तक पहुंचे। रैली की अध्यक्षता एसएसबी 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तापेश्वर संबित राउत ने की। इस मौके पर बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, एसडीपीओ निहार भूषण, थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, पूर्व एमएलसी भीष्म सहनी समेत एसएसबी के जवान मौजूद रहे। रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।

सड़क किनारे मौजूद लोगों ने भी तिरंगा यात्रा में शामिल जवानों और अधिकारियों का उत्साह बढ़ाया। रैली ने शहरवासियों में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया। बगहा एसपी राजेश कुमार ने कहा कि बगहा में हमेशा अमन-चैन और शांति बनी रहे, यही सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल मार्च के माध्यम से लोगों को शांति, सद्भाव और जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखते हुए देश की तरक्की में योगदान देने की अपील की।

रैली के दौरान डूमवलिया पेट्रोल पंप के समीप भाजपा नेत्री सुषमा सिंह की ओर से एसएसबी जवानों सहित एसडीएम, एसपी, एसडीपीओ और थानाध्यक्ष का फूल-माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी जवानों का उत्साह बढ़ाया और तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। एसएसबी 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तापेश्वर राउत ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारी पहचान ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

सभी नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए एकजुटता की भावना को मजबूत करना चाहिए। एसएसबी की इस साइकिल तिरंगा रैली ने बगहा में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को खास बना दिया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने शहरवासियों में देशभक्ति, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का सकारात्मक संदेश पहुंचाया।



















