तजिया जुलूस में डीजे के धुन पर करतब दिखाते युवक व अन्य फोटो।
मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय ने गर्मजोशी से ताजिया जुलूस निकाला। मौके पर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। वहीं नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, ईदगाह तथा संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने संभाली. उन्होंने नगर के भगत सिंह चौक सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे समय तैनात रहा, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों की भी लगातार निगरानी बनी रही.
विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत भगत सिंह चौक पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार, अंचलाधिकारी वेदप्रकाश, राजस्व सहित अन्य अधिकारी कैंप कर रहे थे. प्रशासन द्वारा सभी लाइसेंसधारियों को सुबह ही ताजिया जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस एवं रसीद उपलब्ध करा दी गई थी, जिससे निर्धारित समय और मानकों के अनुरूप जुलूस निकाला जा सके.दोपहर बाद विभिन्न अखाड़ों और लाइसेंसधारियों के ताजिया जुलूस भगत सिंह चौक होते हुए ईदगाह की ओर पहुंचने लगे. जुलूस में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। सबसे अधिक उत्साह युवाओं और बच्चों में देखने को मिला, वहीं अधेड़ और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल रहे।सभी लाइसेंसधारी निर्धारित मार्ग से ईदगाह पहुंचकर शांतिपूर्वक वापस लौटते गए.ताजिया जुलूस का सिलसिला शाम करीब छह बजे तक जारी रहा।














