ठकराहा व (नदी) थाना का एसपी राजेश कुमार ने किया औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
बगहा। बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने शुक्रवार को ठकराहा एवं नदी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों में लंबित कांडों की गहन समीक्षा की और पुराने मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों व संचिकाओं के रख-रखाव, थाना परिसर की साफ-सफाई तथा अनुसंधान कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान में तेजी लाने, गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। साथ ही पंचायत जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी राजेश कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होने पर उसे गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बगहा पुलिस के अनुसार इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य थाना कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाना है, ताकि आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।













