
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत पिपरासी क्षेत्र में मंगलवार को तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र से निकलकर एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में पहुंच गया और अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीण सतर्कता बरत रहे हैं और जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जानकारी के अनुसार पिपरासी पंचायत के मनिया छापर निवासी 25 वर्षीय रवीना खातून खेत से काम कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल पिपरासी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसी क्रम में भिलोरवा टोला निवासी 56 वर्षीय मुसमात धानमति देवी भी तेंदुए के हमले का शिकार हो गईं। ग्रामीण जब उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे, तभी रास्ते में 35 वर्षीय मनोज शर्मा पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया। इस घटना में मनोज शर्मा भी घायल हो गए। तीनों घायलों का इलाज विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कराया जा रहा है। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की। भीलोरवा के मुखिया प्रतिनिधि सह राजद नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुकेश कुशवाहा ने कहा कि वन विभाग को तत्काल कार्रवाई कर तेंदुए को पकड़कर जंगल में छोड़ना चाहिए। साथ ही उन्होंने घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की, ताकि उनका समुचित इलाज हो सके। मामले में बगहा रेंजर श्रीमान मालाकार ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। टीम इलाके की जांच कर रही है तथा तेंदुए के पगमार्ग का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर वापस जंगल में छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।




