बगहा: हर घर तिरंगा-2026 अभियान के तहत मंगलवार को 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बेतिया द्वारा बगहा-1 के विभिन्न विद्यालयों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। रतनमाला स्थित आयुर्वेदीय संस्कृत विद्यालय एवं राजकीय मध्य विद्यालय में SSB जवानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया। इस दौरान पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, समवाय महादेवनाला के ग्राम शेरवादौन में उच्च विद्यालय एवं मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ SSB जवानों ने तिरंगा रैली निकाली।
हाथों में तिरंगा लेकर निकली रैली में देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी किया। SSB के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ युवाओं और आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करना है।



















