
बगहा। लौकरिया थाना क्षेत्र के बहुअरवा और मिश्रौली के बीच सैनिक रोड पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान बहुअरवा निवासी फूलमोहम्मद मियां (60) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलमोहम्मद मियां अपने घर से मिश्रौली चौक बाजार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। मृतक के बेटे शब्बीर अहमद ने बताया कि सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन हादसे के करीब आधे घंटे के भीतर ही उनके पिता ने दम तोड़ दिया था। परिवार में उनके दो विवाहित बेटे और दो विवाहित बेटियां हैं। इस घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लौकरिया थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि बोलेरो को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
बोले फूल मोहम्मद मियां के पुत्र




