बगहा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप योजना से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बगहा परिसर में सोलर मेला-सह-लोन मेला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कंपनी मुख्यालय एवं जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण श्री तरनजोत सिंह के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी, विधायक श्री राम सिंह, 21वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट श्री तपेश्वर राउत तथा 65वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट डॉ. बिपिन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं अधिकृत सोलर वेंडर्स मौजूद रहे।
अनुमंडल पदाधिकारी ने मेले में पहुंचकर व्यवस्थाओं एवं योजना से संबंधित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों और सोलर वेंडर्स को आपसी समन्वय के साथ अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने तथा आवेदन से लेकर ऋण स्वीकृति और सोलर पैनल इंस्टॉलेशन तक आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया।
मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सोलर रूफटॉप योजना, सब्सिडी, बैंक ऋण तथा सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कुल 82 उपभोक्ताओं के आवेदन पीएम सूर्य घर पोर्टल पर ऑनलाइन किए गए। इनमें 6 आवेदकों के ऋण तत्काल स्वीकृत किए गए, जबकि 18 आवेदनों पर ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा करीब 250 लोगों को योजना की जानकारी एवं आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग दिया गया, जबकि 16 उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल इंस्टॉलेशन के लिए अग्रिम प्रक्रिया पूरी की।
मेले में पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक एवं ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों ने लाभुकों को ऋण प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। अधिकृत सोलर वेंडर्स ने पैनल की क्षमता चयन, स्थापना एवं तकनीकी प्रक्रिया के संबंध में उपभोक्ताओं का मार्गदर्शन किया।
सोलर पैनल लगाने वाले उपभोक्ताओं को “सोलर अग्रदूत” सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं, सभी प्रखंडों में सोलर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हरी झंडी दिखाकर सोलर रथों को रवाना किया गया।
जिला प्रशासन ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंकों, अधिकृत सोलर वेंडर्स एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन और सोलर पैनल इंस्टॉलेशन में लाभुकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।



















