पिपरासी/ठकराहा।मानसून की सक्रियता के साथ गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की आशंका को देखते हुए वाल्मीकिनगर क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने मंगलवार को पिपरासी से ठकराहा तक पी तटबंध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तटबंध की मजबूती, संवेदनशील स्थलों तथा संभावित कटाव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। साथ ही बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों से आपदा की स्थिति से निपटने की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
विधायक ने तटबंध के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां भी कटाव की आशंका हो, वहां समय रहते सुरक्षा कार्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तटबंध की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए।
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि हर वर्ष गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पिपरासी से ठकराहा तक तटबंध के कई स्थानों पर कटाव का खतरा उत्पन्न हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण विभाग को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में बोल्डर, बालू से भरे बोरे, वायर क्रेट और अन्य आवश्यक सामग्री पहले से रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल बचाव एवं सुरक्षा कार्य शुरू किया जा सके।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय टीमों को सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया गया है।निरीक्षण के दौरान बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी, अभियंता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून अवधि में तटबंध की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आते ही तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ और अन्य कर्मचारियों ने बताया कि हमारे पास हर आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी है।














