डीएम के पुनः जांच आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं, पत्रकार ने व्हाट्सएप पर भेजा अनुस्मारक आवेदन
जांच में देरी पर जताई चिंता, सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
मधुबनी अंचलाधिकारी से जुड़े विवादित मामले में जिलाधिकारी पश्चिम चंपारण द्वारा पुनः जांच के आदेश दिए जाने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर पत्रकार अजय सिंह चंदेल ने एक बार फिर जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मंगलवार को जिलाधिकारी के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर अनुस्मारक आवेदन भेजकर मामले में शीघ्र निर्णय एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार ने अपने आवेदन में कहा है कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में अनुमंडल कार्यालय, बगहा में उनका बयान दर्ज किया गया था। उन्होंने जांच के दौरान घटना से संबंधित वीडियो, दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्यों की जानकारी भी उपलब्ध कराई। इसके बावजूद अब तक मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई की सूचना नहीं मिली है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जांच के दौरान उन पर आवेदन वापस लेने का दबाव बनाया गया तथा मधुबनी अंचलाधिकारी द्वारा धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है। पत्रकार का कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है।
अनुस्मारक आवेदन में पत्रकार ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पुनः जांच रिपोर्ट पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जांच अवधि के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा यदि प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर प्रतीत होते हैं तो निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अंचलाधिकारी के संबंध में आवश्यक प्रशासनिक निर्णय लिया जाए।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जिलाधिकारी पश्चिम चंपारण ने पत्रकार की शिकायत पर मामले की पुनः जांच का आदेश देते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा से जांच प्रतिवेदन मांगा था। मामले की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी अंतिम कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
(मामला प्रशासनिक जांच के अधीन है। संबंधित अधिकारी का पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)














