बगहा। वाल्मीकि नगर विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और दोनों ओर पक्के नाले के निर्माण को लेकर वाल्मीकि नगर के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने जनहित में इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग करते हुए कहा है कि सड़कें संकरी होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं रहने से लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने अपने पत्र में बगहा-2 प्रखंड के रामपुर से हरनाटांड़ तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी सड़क तथा मधुबनी प्रखंड में पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ से बॉसी तक जाने वाली सड़क का विशेष रूप से उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि इन दोनों मार्गों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसका सबसे अधिक असर आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क के किनारे पक्के नाले नहीं होने से बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है और सड़क भी तेजी से क्षतिग्रस्त होती है। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण के साथ दोनों ओर पक्के नाले का निर्माण भी आवश्यक है।

विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने पहले भी इस संबंध में विभाग को पत्र भेजा था। इसके अलावा विधानसभा में उठाए गए प्रश्न के जवाब में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी थी कि बॉसी–देवीपुर–रंगललही पथ के चौड़ीकरण का प्रस्ताव वार्षिक कार्य योजना 2025-26 के तहत विभागीय मुख्यालय को भेजा जा चुका है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विधायक ने मंत्री से आग्रह किया है कि दोनों सड़कों के चौड़ीकरण और नाला निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की जाए। उनका कहना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।













