पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के सतभिड़वा गांव में दहेज की वेदी पर एक और विवाहिता की बलि चढ़ा दी गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय करिश्मा देवी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 10 वर्ष पूर्व राधेश्याम पांडेय से हुई थी। शुक्रवार की सुबह जब करिश्मा की मां शोभा देवी और पिता मुचकुंद पांडेय अपनी बेटी के घर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए। करिश्मा का शव घर के बाहर खड़ी एक कार में पड़ा हुआ था, जबकि उसके ससुराल वाले घर छोड़कर भागने की फिराक में थे। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही बाइक और नकदी के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। गुरुवार को जब मां मिलने आई थी, तब भी ससुराल वालों ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया था और दूसरी शादी की धमकी दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति राधेश्याम पांडेय, ससुर उमाकांत पांडेय और सास यशोदा देवी को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

