बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा प्रखंड-2 के रामपुर नयागांव में मंगलवार को मछली पकड़ने के दौरान एक 14 वर्षीय किशोर पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घायल किशोर की पहचान लौकरिया थाना क्षेत्र के रामपुर नयागांव निवासी भुट्टू खान के 14 वर्षीय पुत्र रमजान खान के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गांव के निचले हिस्सों में पानी भर गया है। घरों के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच मंगलवार को रमजान खान अपने घर के पीछे जमा पानी में मछली पकड़ने गया था। वह पानी में जाल डाल रहा था, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने किशोर के हाथ को अपने जबड़े में जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

रमजान के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख मगरमच्छ किशोर को छोड़कर वापस गहरे पानी में चला गया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल घायल किशोर को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण किशोर की हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण नदियों और जलाशयों का पानी गांवों तक पहुंच गया है, जिससे मगरमच्छ, सांप और अन्य जंगली जीव आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं। इससे बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित गांवों में विशेष निगरानी रखने, मगरमच्छ की तलाश कर उसे सुरक्षित स्थान पर पकड़कर ले जाने तथा लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं प्रशासन ने भी लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है














